हरिद्वार , मार्च 10 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रुड़की में नगर निगम सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम पर रखने के प्रस्ताव के विरोध में कर्मचारियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दी। धरना शुरू होने के बाद नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड) के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर आयुक्त और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगें रखीं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम में वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को नियमित किया जाए और उन्हें थर्ड पार्टी कंपनी के अधीन कार्य करने के लिए बाध्य न किया जाए।
कर्मचारियों के अनुसार नगर निगम बोर्ड की बैठक में तीन मार्च 2025 को स्वच्छता समिति तथा आउटसोर्सिंग कूड़ा वाहन चालकों को नियमित कर लगभग 30 हजार रुपये मासिक वेतन देने का प्रस्ताव पारित किया गया था लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम पर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसका संगठन विरोध कर रहा है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि वर्ष 2003 से 2024 तक कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा उन्हें 30 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। इसके साथ ही मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नियमानुसार नौकरी और पेंशन दी जाए तथा जिन कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है उन्हें पुनः कार्य पर रखा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित