नासिक , मार्च 03 -- महाराष्ट्र में त्र्यंबकेश्वर मंदिर में रविवार को सुरक्षा गार्डों ने मानवता की सारी हदों को पार करते हुए एक महिला श्रद्वालु को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके कपड़े फट गए।

इस चौंकाने वाली घटना को दूसरे भक्त ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद लोगों में गुस्सा फैल गया और सुरक्षा गार्डों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज करने की भी मांग की गई। त्र्यंबक पुलिस ने इसके बाद मामले का संज्ञान लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यह घटना मंदिर में उस समय घटित हुई जब लगातार छुट्टियां होने के कारण दर्शन के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी।

गौरतलब है कि पीड़ित भक्त हरियाणा की रहने वाली है और उनकी मंदिर के सुरक्षा गार्ड के साथ किसी बात पर बहस हो गई। विवाद का कारण अभी भी पता नहीं चला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित