अगरतला , मई 09 -- त्रिपुरा के सेपाहिजाला जिले के भारत-बंगलादेश सीमा से सटे कमलासागर इलाके पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गोलीबारी में शुक्रवार रात दो संदिग्ध मारे गये। ये लोग बंगलादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक सीमा पार से तस्करी में शामिल थे और सामना होने पर उन्होंने बीएसएफ जवान पर हमला कर दिया। बीएसएफ जवानों को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी जिससे बाड़ क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाते हुये भागने में सफल रहे।
पुलिस ने शनिवार को कहा कि अज्ञात अधेड़ उम्र के तस्करों को बिशालगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां एक को पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया और दूसरे को अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थानांतरित किया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
बंगलादेशी बलों के समन्वय से बीएसएफ ने शवों की पहचान और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बीच, पुलिस ने भारतीय क्षेत्र में उनके तस्करी संबंधों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा, "पीड़ित, अपने एक समूह के साथ एक भारतीय गांव से बंगलादेश में मछली की तस्करी में शामिल थे।"रात की गश्त के दौरान, बीएसएफ ने कमलासागर बीओपी के अंतर्गत पथरियाद्वार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को देखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित