अगरतला , अप्रैल 25 -- त्रिपुरा पुलिस ने नकदी बरामदगी से जुड़े मामले में दक्षिण त्रिपुरा के प्रभागीय वन अधिकारी गौरव रवींद्र वाघ के सरकारी आवास पर शुक्रवार देर रात छापेमारी की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब एक अदालत ने अधिकारी के रिश्तेदार राजेंद्र चिंतामन काकलिज को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। उसे गत 23 अप्रैल को अगरतला रेलवे स्टेशन पर मुंबई जाने वाली ट्रेन में संदिग्ध स्थिति में भारी नकदी के साथ पकड़ा गया था। प्रारंभिक जांच में कई दस्तावेज सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि विभिन्न स्तरों के वन अधिकारियों से धन एकत्र किया गया था। पुलिस को संदेह है कि यह रकम वन विकास परियोजनाओं से अवैध रूप से जुटाई गयी थी और इसे नासिक भेजने की योजना थी।
सूत्रों के अनुसार, काकलिज बेलोनिया से करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय कर नकदी को एक ब्रीफकेस में छिपाकर लाया था और कथित रूप से वन अधिकारी के सरकारी वाहन का उपयोग किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि नकदी को 23 अप्रैल की रात वाघ के आवास पर पैक किया गया, जिसे एक वन रक्षक ने देखा था। पुलिस को कुछ वन रेंज अधिकारियों के नाम भी मिले हैं, जिन पर इस धन संग्रह में शामिल होने का संदेह है।
प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर वाघ को मुख्यालय तलब किया गया है और जांच पूरी होने तक उन्हें स्थान छोड़ने से रोक दिया गया है। पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत उनसे पूछताछ की अनुमति भी प्राप्त कर ली है।
सूत्रों का कहना है कि वाघ पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर पिछले कुछ समय से निगरानी रखी जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित