अगरतला , अप्रैल 24 -- त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के बिशालगढ़ क्षेत्र में फ्लिपकार्ट के जरिये खरीदे गये सामान को सीमा पार बंगलादेश में तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे आपूर्ति शृंखला के दुरुपयोग को लेकर चिंता बढ़ गयी है।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गयी है। आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग और ई-वाणिज्य मंच फ्लिपकार्ट से जुड़े व्यक्ति रियायती दरों पर साबुन, शैंपू जैसे उत्पाद खरीदकर उन्हें अवैध रूप से बंगलादेश भेज रहे थे, जहां इनकी कीमत अधिक मिलती है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब वितरण कर्मियों ने कथित अवैध गतिविधियों के विरोध में कुछ समय के लिए स्थानीय कार्यालय को बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस और सीमा शुल्क विभाग ने बिशालगढ़ स्थित केंद्रों पर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि कई वर्षों से फर्जी खातों के माध्यम से बड़ी मात्रा में ऑर्डर किए जा रहे थे, जिन्हें बाद में अवैध निर्यात के लिए मोड़ दिया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि एक मालवाहक वाहन बिना उचित दस्तावेजों के उपयोग में लाया जा रहा था और उस पर लगा पंजीकरण नंबर उसके इंजन या ढांचे से मेल नहीं खाता था ताकि पहचान से बचते हुए सामान की ढुलाई की जा सके।

बताया गया है कि तस्करी के लिए सामान को एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक ले जाकर सीमा मार्ग के जरिए बाहर भेजा जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित