रांची , मार्च 14 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

इस दौरान जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की भड़काऊ, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट को शेयर करना दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हजारीबाग पुलिस के साइबर सेल के अनुसार व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक पोस्ट सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है। यदि कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या लोगों को भड़काने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भड़काऊ या अवैध पोस्ट करने की स्थिति में केवल पोस्ट करने वाले व्यक्ति ही नहीं बल्कि संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन पर भी कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए सभी ग्रुप एडमिन को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है और किसी भी संदिग्ध या विवादित सामग्री को तुरंत हटाने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट को नजरअंदाज न करें। यदि ऐसी कोई सामग्री सामने आती है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

भड़काऊ या अवैध पोस्ट की जानकारी देने के लिए हजारीबाग साइबर थाना का मोबाइल नंबर 9430165939 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन हमेशा तत्पर है।

साथ ही सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से यह भी आग्रह किया गया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचें। जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें और आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित