जयपुर , मार्च 27 -- राजस्थान के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि प्रदेश में तेल-गैस आपूर्ति की सामान्य स्थिति होने के बावजूद विपक्ष प्रदर्शन कर भ्रामक प्रचारकर रहा है जो शर्मनाक हैं।

श्री गोदारा ने कांग्रेस के तेल और गैस की कमी को लेकर शुक्रवार को जयपुर में किए धरना-प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेल और गैस की उपलब्धता पर्याप्त एवं आपूर्ति सामान्य है, लेकिन कांग्रेस नेताओं द्वारा सामान्य स्थिति को भी राजनीति के चश्मे से देखा जा रहा है और हालात असामान्य बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति शत-प्रतिशत की जा रही है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर भी आवश्यकतानुसार सप्लाई किए जा रहे हैं वहीं, पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये से घटाकर तीन रुपये एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क शून्य कर दिया गया है, ताकि आमजन पर अतिरिक्त बोझ न पडे़। फिर भी कांग्रेस महंगाई का झूठा राग अलाप रही है।

उन्होंने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के समय जब कोविड महामारी फैली थी, तब प्रदेश भाजपा ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया था। ऐसे में पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के समय भी एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है। इसी के कारण गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर विपक्ष के साथियों से भी सुझाव लिये थे, लेकिन अब विपक्ष विरोध-प्रदर्शन की गंदी राजनीति कर रहा है।

श्री गोदारा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह और गुटबाजी चरम पर है। यही कारण है कि उनके प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा खुद जगह बचाये रखने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी करते हैं और सुर्खियोंमें बने रहने की कोशिश करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित