हैदराबाद , फरवरी 10 -- तेलंगाना में 11 फरवरी को होने वाले स्थानीय शहरी निकाय चुनावों के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम कर लिया गया है।

राज्य पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सभी 8,203 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं। इनमें 1,302 अति-संवेदनशील और 1,926 संवेदनशील स्थान शामिल हैं, जहां सात नगर निगमों और 116 नगर पालिकाओं के चुनाव होने हैं। चुनाव एक ही चरण में हो रहे हैं और इसमें 12,930 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस कर्मियों को विभिन्न विभागों के लगभग 3,000 अतिरिक्त कर्मचारियों का सहयोग मिल रहा है। इनमें तेलंगाना राज्य विशेष पुलिस (टीजीएसपी), वन, आबकारी, सीआईडी और लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के कर्मचारी शामिल हैं।

अवैध गतिविधियों को रोकने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक की सीमाओं पर 20 अंतर-राज्यीय नाके बनाये गये हैं। इसके साथ ही राज्य के भीतर 55 अंतर-जिला और जिला-स्तरीय नाके भी बनाये गये हैं।

वरिष्ठ अधिकारी डीजीपी कार्यालय स्थित नियंत्रण एवं संचालन केंद्र से मतदान प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी करेंगे।

हैदराबाद को छोड़कर सभी पुलिस कमिश्नरेट और जिलों में 27 जनवरी से आदर्श आचार संहिता लागू है। प्रवर्तन कार्रवाई के हिस्से के रूप में 1.29 करोड़ रुपये नकद, 1.21 करोड़ रुपये की शराब, 15.7 लाख रुपये के ड्रग्स, 13 लाख रुपये के उपहार के अवैध परिवहन और आचार संहिता के अन्य उल्लंघनों के लिए 988 प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पुलिस महानिदेशक ने आगे बताया कि 1,183 लाइसेंस प्राप्त हथियार जमा कराये गये हैं। 4 398 गैर-जमानती वारंट निष्पादित किये गये या वापस लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ा दी गयी है और सभी मतदान केंद्रों के भीतर तथा अति-संवेदनशील बूथों के बाहर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित