हैदराबाद , फरवरी 26 -- तेलंगाना सरकार ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 45 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादले और नयी जिम्मेदारियां सौंपने के आदेश जारी किये। मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह आदेशजारी किये।
प्रमुख बदलावों के तहत श्री संजय कुमार को विशेष मुख्य सचिव, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग से स्थानांतरित कर विशेष मुख्य सचिव, पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास तथा आरडब्ल्यूएस विभाग नियुक्त किया गया है।
श्री एम. दाना किशोर को विशेष मुख्य सचिव, श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कारखाना विभाग के पद पर यथावत रखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। श्री एन. श्रीधर को प्रमुख सचिव, आईटी एवं उद्योग विभाग नियुक्त किया गया है। श्री राहुल बोज्जा को सामान्य प्रशासन विभाग में प्रमुख सचिव (राजनीतिक मामलों) के रूप में तैनात किया गया है, साथ ही उन्हें बीसी कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
श्री गौरव उप्पल को सचिव, वित्त एवं योजना विभाग नियुक्त किया गया है और उन्हें टीजीआरएसी के महानिदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। श्री ई. श्रीधर को सचिव, सिंचाई एवं सीएडी विभाग बनाया गया है। श्री जितेश वी. पाटिल को टीजीएसपीडीसीएल का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त किया गया है।
जिला स्तर पर भी कई अहम बदलाव किये गये हैं। सुश्री चित्रा मिश्रा को करीमनगर की कलेक्टर, सुश्री गरिमा अग्रवाल को राजन्ना सिरसिला की कलेक्टर, सुश्री प्रतिमा सिंह को मेडक की कलेक्टर पदस्थ किया गया है। श्री अंकित को भद्राद्री कोठागुडेम का कलेक्टर बनाया गया है। सुश्री चाहत बाजपेयी को हनुमकोंडा की कलेक्टर के साथ-साथ जीडब्ल्यूएमसी आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सुश्री खुशबू गुप्ता को महबूबनगर और सुश्री स्नेहा शबरिश को महबूबाबाद का कलेक्टर बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित