हैदराबाद , फरवरी 10 -- तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष कल्वकुंतला कविता ने नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान जन मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ दल की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान में जनता से जुड़े बुनियादी सवालों पर गंभीर चर्चा नहीं हुई और ध्यान भटकाने तथा व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप पर जोर दिया गया है।
सुश्री कविता ने मंगलवार को तेलंगाना जागृति कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पीने के पानी, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और पेंशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई ठोस विमर्श नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में अनियमित जलापूर्ति, खराब बस सेवाएं, कचरे का अंबार और बस्ती अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
सुश्री कविता ने कांग्रेस, बीआरएस और भाजपा पर चुनावी समझौते करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव जन समस्याओं के समाधान के बजाय "लोगों को कोसने का मंच" बन गये हैं।
उन्होंने मतदाताओं से "अच्छे उम्मीदवारों" को चुनने की अपील की और शेर के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे तेलंगाना जागृति समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन देने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित