हैदराबाद , दिसंबर 14 -- तेलंगाना में ग्राम पंचायत (जीपी) चुनावों के दूसरे चरण में रविवार को मतदान हो रहा है।
मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई और अपराह्न एक बजे तक चलेगी। इसके बाद अपराह्न दो बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। नतीजों की घोषणा शाम को होने की उम्मीद है।
राज्य चुनाव आयोग (एसईसी ) के अनुसार, इस चरण में 57.22 लाख से ज़्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में कुल 12,782 उम्मीदवार 3,911 सरपंच पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 29,917 उम्मीदवार वार्ड सदस्य पदों के लिए मैदान में हैं।
दूसरे चरण में, 4,333 ग्राम पंचायत सरपंच पदों और 38,350 वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। इनमें से 414 सरपंच पद और 8,307 वार्ड सदस्य पद निर्विरोध चुने गये हैं।
पांच गांवों और 108 वार्डों में कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया, जबकि दो गांवों और 18 वार्डों में अलग-अलग कारणों से चुनाव रोक दिए गये। बाकी पंचायतों में वोटिंग हो रही है।
चुनाव को सुचारू रूप से कराने के लिए, 4,593 रिटर्निंग अधिकारी और 30,661 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 2,489 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। संवेदनशील माने जाने वाले 3,769 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है।
अधिकारियों ने कहा कि पूरे राज्य में सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित