हैदराबाद , फरवरी 18 -- तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने बुधवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस का कोई विकल्प नहीं है।
श्री गौड़ ने कहा कि हाल के चुनावी नतीजे साफ तौर पर पार्टी की जमीनी स्तर पर ताकत दिखाते हैं। उन्होंने गांधी भवन में संवाददाताओं से औनपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी ) गुरुवार को राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए समीक्षा बैठक करेगी।
उन्होंने बताया कि 11 राज्यों की समीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है, जिसमें पार्टी संगठन, शासन और लोक कल्याण की पहल पर चर्चा की गयी। इस दौरान उन्होंने आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पिछड़ा वर्ग के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण को ईमानदारी से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनाव ने पार्टी की संगठनात्मक ताकत को जमीन पर दिखाया है, जिसमें 67 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग के सदस्य जीते हैं।
श्री गौड ने कहा कि कांग्रेस ने अनसूचित जाति एवं जनजाति और पिछड़ा वर्ग समुदाय से 87.5 प्रतिशत उम्मीदवार को टिकट दिये हैं। नगरपालिका चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का चर्चा करते हुए श्री गौड़ ने कहा कि 94 नगरपालिका में जीत हासिल करना कांग्रेस सरकार के विकास और लोक कल्याण एजेंडा के प्रति लोगों के सकारात्मक रवैये का साफ इशारा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निज़ामाबाद में पांच सीटों पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन उम्मीदवारों को भी हराया, जिससे उसका बढ़ता सपोर्ट बेस पता चलता है। पार्टी के अंदरूनी मामलों पर जवाब देते हुए, उन्होंने कहा कि टिकट चयन विस्तृत सर्वे और नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षदों से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस समिति मंत्रिमंडल के मामलों में दखल नहीं देगी। महापौर चुनाव की बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कहा कि पार्षदों ने अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखते हुए वोट दिया था, जो विकास-उन्मुख नेतृत्व पर ध्यान को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित