हैदराबाद , फरवरी 01 -- तेलंगाना के निजामाबाद में गांजा तस्करों की गाड़ी से 23 जनवरी को टक्कर लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हुई आबकारी कांस्टेबल गजुला सौम्या (25) की शनिवार रात पंजागुट्टा स्थित एनआईएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को सौम्या के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस दुखद घटना से बहुत व्यथित हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सौम्या की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
सौम्या को पहले निजामाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए 25 जनवरी को एनआईएमएस में स्थानांतरित किया गया। विशेष चिकित्सा दल की देखरेख में वेंटिलेटर सपोर्ट पर श्वसन गहन चिकित्सा इकाई (आरआईसीयू) में उनका इलाज किया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, चिकित्सा टीम द्वारा सर्वोत्तम प्रयास करने के बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी रही और कल रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित