हैदराबाद , अप्रैल 13 -- तेलंगाना नागरिक आपूर्ति निगम ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उनके गलत इस्तेमाल के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पिछले एक महीने के दौरान निगम ने डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के सिलेंडरों का भंडार जब्त किया है।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुये सतर्कता अधिकारियों ने अनियमितताओं को रोकने और वास्तविक उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में अचानक निरीक्षण किया।
इन छापों के दौरान, अधिकारियों ने 5,079 घरेलू सिलेंडर और 70 छोटे सिलेंडर जब्त किये, जो अवैध रूप से जमा किये गये थे या ले जाये जा रहे थे। इन उल्लंघनों के संबंध में 2,089 मामले दर्ज किये गये हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
अधिकारियों ने बताया कि निगम वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय करके एक कमान और नियंत्रण केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन सिलेंडरों की बुकिंग और वितरण की बारीकी से निगरानी कर रहा है, ताकि समय पर आपूर्ति और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
सरकार ने जनता से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, उनके अन्य कार्यों में उपयोग या वितरण में देरी का मामला सामने आता है, तो नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा स्थापित टोल-फ्री नंबर 1967 पर कॉल करके इसकी सूचना दें।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि निगम ने दोहराया है कि उपभोक्ता हितों की रक्षा करने और वितरण प्रणाली में कदाचार को रोकने के लिए सख्त निगरानी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित