हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान केंद्र-राज्य संबंधों की तुलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली वर्तमान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार से करने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की कड़ी आलोचना की।

हैदराबाद में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में, भाजपा तेलंगाना के मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी एन वी सुभाष ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी को राजनीतिक रूप से अपरिपक्व एवं बौद्धिक रूप से बेईमान करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री रेड्डी में या तो शासन एवं राजकोषीय संघवाद की समझ की कमी है या वह राजनीतिक लाभ के लिए तेलंगाना के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

श्री सुभाष ने मुख्यमंत्री के इस दावे को खारिज कर दिया कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी के कार्यकाल के दौरान केंद्र की संप्रग सरकार के समर्थन के कारण गुजरात का विकास हुआ। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व, पारदर्शी शासन, वित्तीय अनुशासन, औद्योगिक दृष्टिकोण एवं प्रशासनिक दक्षता के कारण गुजरात एक मॉडल राज्य बनकर उभरा है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार की सार्वजनिक बैठक के दौरान इस बात पर बल दिया था कि वित्तीय अनुशासन एवं जिम्मेदार शासन के बिना विकास प्राप्त नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई भी राज्य खुद को बढ़ते कर्ज में धकेलते समय असीमित वित्तीय सहायता की उम्मीद नहीं कर सकता है। श्री रेड्डी द्वारा खुद की तुलना श्री मोदी से करने की आलोचना करते हुए, श्री सुभाष ने इसे "राजनीतिक अतिक्रमण एवं आत्म-उपहास" करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां गुजरात ने मोदी के कार्यकाल में विकास, निवेशकों का विश्वास एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन देखा वहीं कांग्रेस शासन के अंतर्गत तेलंगाना वित्तीय कुप्रबंधन, बढ़ते कर्ज, अधूरी गारंटी एवं शासन की पंगुता का सामना कर रहा है।

श्री सुभाष ने कहा कि श्री मोदी का सुझाव कि श्री रेड्डी को उनके साथ सहयोगी होना चाहिए, एक राजनीतिक व्यंग्य नहीं था बल्कि एक संदेश था कि जब राज्य टकराव की राजनीति छोड़कर केंद्र के साथ समन्वय करता है तो वह तेजी से प्रगति करता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रचार से प्रेरित भाषण देने के बजाय शासन, वादों के कार्यान्वयन, राज्य के वित्त को मजबूत करने, अवसंरचना में सुधार, किसानों का समर्थन एवं रोजगार के अवसर उत्पन्न करने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।भाजपा प्रवक्ता ने आगे आरोप लगाया कि जहां प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीतिक संबद्धताओं के बावजूद सभी राज्यों के साथ समान व्यवहार किया वहीं कांग्रेस नेता हक की राजनीति से प्रेरित सामंती मानसिकता से ग्रस्त रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित