हैदराबाद , फरवरी 02 -- तेलंगाना में आगामी नगरपालिका और नगर निगम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक "चार्जशीट" जारी करते हुए उस पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता और चुनावी वादों से विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

"झूठे वादे-भ्रामक आश्वासन" शीर्षक वाली इस चार्जशीट का विमोचन तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव और महाराष्ट्र के मंत्री एवं तेलंगाना नगरपालिका चुनाव प्रभारी आशीष शेलार ने किया। इस अवसर पर सांसद ईटेला राजेंदर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।

श्री राव ने मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले छह गारंटियों और 420 से अधिक वादों के जरिए मतदाताओं को गुमराह किया, लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें पूरा करने में विफल रही। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रही है और समय पर वेतन भुगतान में भी असमर्थ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए), वेतन पुनरीक्षण आयोग (पीआरसी), हेल्थ कार्ड और पुरानी पेंशन योजना लागू न कर धोखा दिया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि रायुथू बंधु योजना रोके जाने, पूर्ण कर्ज माफी लागू न होने और रायुथू भरोसा योजना के क्रियान्वयन में विफलता के कारण किसान परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भू भारती अधिनियम के कारण भूमि विवादों में वृद्धि हुई है।

श्री राव ने सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग समुदायों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कल्याण और विकास से जुड़े कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।

उन्होंने नगरपालिकाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए करीब 2,500 करोड़ रुपये के घोटाले का जिक्र किया कि शहरी बुनियादी ढांचे की पूरी तरह अनदेखी की गई है, जिसके चलते कचरे के ढेर, टूटी सड़कें और चरमराती नागरिक सेवाएं आम हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि अधिकांश नगरपालिकाएं केंद्र सरकार के धन पर निर्भर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित