कोंडागांव , मार्च 20 -- त्तीसगढ़ में फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर तेन्दुआ की खाल की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले का वन विभाग ने पर्दाफाश करते हुए कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक तेन्दुआ की खाल, एक ईको वाहन, एक मोटर सायकल तथा एक भरमार बंदूक जप्त की गई है। वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 यथा संशोधित 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या और तस्करी के इस मामले में चार जिलों से नौ आरोपियों को वनमंडल केशकाल के वन अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है।
केशकाल वन मंडल अधिकारी दिव्या गौतम ने वार्ता को बताया - वन विभाग को 19 मार्च को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर तेन्दुआ की खाल बेचने लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर केशकाल वनमंडल की टीम के एक कर्मचारी ने आरोपी से खाल खरीदने का सौदा कर उसे मौके पर बुलाया। इसके बाद वनमंडलाधिकारी केशकाल के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम तथा केशकाल वनमंडल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने ग्राम बैलगांव के समीप बड़ेडोंगर मार्ग पर निगरानी रखी। इसी दौरान मोटर सायकल में दो व्यक्ति बोरी में बंधी तेन्दुआ की खाल लेकर पहुंचे। कुछ देर बाद उनके सहयोग के लिए ईको वाहन में पांच अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंचे। वन विभाग की टीम ने मौके पर सभी को घेराबंदी कर रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों से तेन्दुआ की खाल बरामद की गई। गवाहों की उपस्थिति में जप्ती की कार्रवाई करते हुए प्रयुक्त ईको वाहन और मोटर सायकल को भी जब्त किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को परिक्षेत्र कार्यालय बड़ेडोंगर (फरसगांव) लाया गया, जहां आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। जांच में जप्त तेन्दुआ खाल की लंबाई 195 सेंटीमीटर तथा चौड़ाई 45 सेंटीमीटर पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लगभग सात माह पहले भरमार बंदूक से शिकार कर तेन्दुआ की हत्या की गई थी और उसकी खाल को सुखाकर रखा गया था।
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर वन विभाग ने आगे की पतासाजी की। इसके बाद मुख्य आरोपी सुकलूराम उसेण्डी एवं अन्य आरोपी को 20 मार्च को सुबह 07:00 बजे ग्राम बोरावण्ड, थाना बेनूर जिला नारायणपुर से गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी के पास से एक भरमार बंदूक भी जप्त की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित