डेहरी ऑन सोन , दिसंबर 17 -- रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के इटिम्हा बाजार में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो के चपेट में आने से बुधवार को एक महिला तथा एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर घंटों यातायात बाधित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में काराकाट थाना क्षेत्र के कांद बहुआरा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान संतोष कुमार उर्फ मल्लू व काराकाट थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव निवासी स्व. वीरेंद्र चौधरी की पत्नी 47 वर्षीय आशा देवी शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिक्रमगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार उजले रंग की स्कार्पियो जेएच12इ-7580 ने सड़क किनारे पैदल जा रही आशा देवी को टक्कर मारी और उसके बाद साइकिल से बाजार जा रहे संतोष कुमार को रौंदते हुए कुछ दूर आगे जाकर पुआल लदे एक ट्रैक्टर में टकराई। गाड़ी की चपेट में आये दोनों व्यक्तियों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। इस घटना के बाद स्कार्पियो पर सवार चालक समेत सभी तीन लोग वाहन छोड़ कर भागने में सफल रहे।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दोनों शवों के साथ डेहरी-बिक्रमगंज मुख्य सड़क को पांच घंटे तक जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर पहुंचे नासरीगंज थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार, बीडीओ नासरीगंज मो. नौशाद आलम सिद्दीकी, सीओ अंचला कुमारी, एसआई भूषण पासवान, पीएसआई राहुल कुमार, रोहित कुमार ने सड़क जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं मानी। बाद में घटनास्थल पर अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) प्रभात कुमार व काराकाट प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राहुल कुमार ने पहुंचकर ग्रामीणों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित