बहराइच , दिसंबर 21 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच-नानपारा मार्ग पर रिसिया इलाके में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे लखनऊ रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार पयागपुर थाना क्षेत्र के कोडरी गांव निवासी राहुल दुबे अपने चचेरे भाई संजीव के साथ बाइक से रूपईडीहा क्षेत्र के बाबागंज जा रहे थे। जब वे रिसिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने संजीव की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

थाना प्रभारी करुणाकर पाण्डेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित