रायसेन , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना बरखेड़ा चौकी अंतर्गत रातापानी अभ्यारण्य के गेट के सामने हुई, जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक डंपर के पहियों के नीचे आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

मृतकों की पहचान भोपाल के हुजूर निवासी 24 वर्षीय गणेश विश्वकर्मा और बैतूल जिले के चिचोली निवासी 32 वर्षीय राजेश गोरेलाल के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से भोपाल से बैतूल की ओर जा रहे थे। देर रात हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित