बैतूल , मार्च 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा शनिवार रात बैतूल-सारणी राज्य मार्ग पर थाना सारणी क्षेत्र के बगडोना और सलैया के बीच हुआ। शोभापुर निवासी शन्नी पिता दशरू (18) अपने साथी प्रकाश के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को घोड़ाडोंगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार तड़के शन्नी की मौत हो गई, जबकि दुधावानी निवासी प्रकाश पिता किस्सु (18) की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित