रांची , मार्च 29 -- झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचल दिया।

इस भीषण सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना अनगड़ा थाना क्षेत्र के चमघाटी के पास हुई। मृतकों की पहचान नवाडीह निवासी प्रभात महतो और अनिल महतो के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति में था और अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रक का एक पहिया निकलकर दूर जा गिरा। ट्रक सड़क से नीचे उतर गया, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। सिल्ली के डीएसपी अनुज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित