प्रयागराज , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ई-रिक्शा पलट गया, जिससे चार स्कूली छात्र-छात्राएं और चालक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जैतवारडीह गांव के सामने गणेशपुर पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर यह हादसा उस समय हुआ जब अजीत कुमार बच्चों को ई-रिक्शा से प्राथमिक विद्यालय विशुनदास का पूरा छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सहसो की ओर से आ रही एक कार ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया।
हादसे में अनन्या (6), अनुराग (7), आकाश (10) और जगदीश (12) सहित चालक अजीत कुमार घायल हो गए। स्थानीय व्यक्ति की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
सूचना मिलने पर विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं अन्य शिक्षक अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया। थरवई पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित