हैदराबाद , अप्रैल 16 -- तेलंगाना के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या की तेलंगाना के गठन की तुलना भारत और पाकिस्तान के विभाजन से करने संबंधी टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे अज्ञानता की पराकाष्ठा करार दिया।
श्री राव ने यहां जारी एक बयान में कहा कि इस तरह की टिप्पणियां तेलंगाना के लोगों के आत्मसम्मान और राज्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के बलिदान का घोर अपमान हैं।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना का गठन दशकों के संघर्ष का परिणाम था और यह संसद द्वारा अनुमोदित संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त किया गया था। उन्होंने कहा कि इसकी तुलना देश के विभाजन से करना पूर्णतः अज्ञानता को दर्शाता है।
श्री राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के गठन के बाद से ही भाजपा नेताओं के मन में इसके प्रति द्वेष रहा है और उन पर राजनीतिक उद्देश्यों से भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पहले राज्य के गठन पर विवादास्पद टिप्पणियां की थीं और कहा कि अब सूर्या के बयानों में ऐसी ही भावनाएं दिखाई दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित