पटना, मार्च 28 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की नजर में वह एक 'पार्ट-टाइम' नेता हैं और राजनीति उनके लिए महज सत्ता प्राप्ति का एक साधन है।
श्री कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि श्री यादव राजनीति में केवल सत्ता प्राप्ति के उद्देश्य से हैं और उनका उद्देश्य प्रदेश में लूट और भ्रष्टाचार की पुरानी परिपाटी को स्थापित करना है।
श्री कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि श्री यादव ने न तो पढ़ाई को गंभीरता से लिया, न ही युवावस्था में अपने क्रिकेट करियर को ठीक से आगे बढाया। उन्होंने कहा कि श्री यादव में राजनीति के प्रति भी गंभीरता का अभाव साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसे अवसरवादी और गैर-गंभीर नेतृत्व को भली-भांति पहचान चुकी है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री यादव में आम जनता के प्रति जवाबदेही का अभाव दिखता है और उनकी राजनीति का मुख्य आधार केवल अनर्गल बयानबाजी, दुष्प्रचार फैलाना और बिना काम के झूठा श्रेय लेना बन गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित