पटना , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन के कारण हताशा में हैं और इस बौखलाहट में झूठे तथा भ्रम फैलाने वाले राजनीतिक बयान दे रहे हैं।
श्री सरावगी ने ने कहा कि बिहार चुनाव में जनता से नकारे जाने के बाद अब श्री यादव अनर्गल आरोप लगाकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस व्यक्ति का राजनीतिक जीवन ही परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जंगलराज की विरासत पर टिका हो, वह आज महिलाओं के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहा है। यह बिहार की मातृशक्ति का अपमान है।
श्री सरावगी ने कहा कि चुनाव के दौरान पैसे बांटने, डराने-धमकाने और कैमरे से निगरानी जैसे आरोप पूरी तरह काल्पनिक और हास्यास्पद हैं। तेजस्वी यादव को बताना चाहिए कि उनके पास इन आरोपों का कोई ठोस प्रमाण है या नहीं। उन्होंने कहा कि केवल झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना श्री यादव की पुरानी आदत रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित