अलवर , फरवरी 07 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में खरकड़ी कला गांव में शनिवार को खेत से लौट रहे किसान और तेंदुए के बीच हुए जीवन मरन के संघर्ष में तेंदुए की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खरकड़ी गांव निवासी श्रवण गुर्जर (52) सुबह करीब सात बजे खेत में डाली काटने के लिए गया था। खेत में जब वह पेड़ पर चढ़ रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने श्रवण को दबोच लिया और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद उसने उनके शरीर पर लगातार पंजों और दांतों से वार किए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गया। इस बीच किसान ने अपनी गर्दन को बचाए रखा। किसान की चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रहे कैलाश मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसस श्रवण को मौका मिल गया और उसने तेंदुए के सिर पर वार किया। जिससे तेंदुआ वहीं ढेर हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि श्रवण ने हिम्मत दिखाई। खुद की जान बचा ली। इस प्रयास में तेंदुए की जान गई है।

सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से घायल श्रवण को तुरंत नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित