सिलीगुड़ी , अप्रैल 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उसे उत्तर बंगाल विरोधी, आदिवासी विरोधी, चाय-बागान विरोधी और महिला एवं युवा विरोधी पार्टी करार दिया है।
श्री मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के कावाखली मैदान में भाजपा के विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाजपा को उत्तर बंगाल के विकास का चालक बताया। उन्होंने राज्य सरकार पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब उत्तर बंगाल के अनेक जिलों में भारी बारिश से तबाही फैली, हर तरफ हाहाकार था, तब तृणमूल की निर्मम सरकार कोलकाता में जश्न मना रही थी। उन्होंने कहा, "हमारा सिलीगुड़ी भारत की सुरक्षा का भी प्रमुख द्वार है। सिलीगुड़ी गलियारा सिर्फ शब्द नहीं है, मां भारती की भुजा है, लेकिन, आप याद रखना तृणमूल ने तुष्टिकरण के लिए, वोटबैंक की खातिर एक खास वर्ग को खुश करने के लिए क्या किया था।"प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर कहा, "उत्तर बंगाल को लेकर, देश की सुरक्षा को लेकर तृणमूल की दुर्नीति का एक और सबूत मैं यहां देना चाहता हूं। देश में एक टुकड़े-टुकड़े गैंग है। इस गैंग ने सिलीगुड़ी गलियारे को काटने की धमकी दी थी। उत्तर-पूर्व को देश से अलग करने की बात कही थी। तुष्टिकरण से भरी ये तृणमूल . ऐसे लोगों को सड़क से लेकर संसद तक समर्थन देती है। यह तृणमूल का असली चेहरा है।"उन्होंने कहा, "दार्जिलिंग सहित उत्तर बंगाल का एक बड़ा हिस्सा चाय की पैदावार का क्षेत्र है। आपकी चाय का स्वाद मुझसे भला कौन जान सकता है, लेकिन आप देख रहे हैं कि तृणमूल की निर्मम सरकार चाय बागानों को भी बर्बाद कर रही है।"श्री मोदी ने कहा कि आपके पड़ोस में असम है, वहां की भाजपा सरकार ने चाय बागानों में अनेक सुविधाएं विकसित की है। चाय बगान के श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर बहुत बड़ा काम हुआ है, वहां चाय बागान के श्रमिकों को भूमि के पट्टे दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बंगाल भाजपा ने यहां भी चाय बगान वाले के परिवारों के लिए अनेक संकल्प लिए हैं। श्रमिक परिवारों को भूमि के पट्टे देने हों, पक्के घर, नल से जल, बिजली, पानी और रोजगार की सुविधाएं देनी हो, यानी श्रमिकों की कमाई, पढ़ाई, दवाई और हर चीज पर यहां बनने वाली भाजपा सरकार काम करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां की बेटियां बहुत ही प्रतिभावान हैं। मंटू घोष की प्रतिभा का देश को बहुत फायदा मिला है और आजकल तो बेटी रिचा घोष की बहुत चर्चा होती है।
इतने लंबे-लंबे सिक्सर बेटी रिचा घोष लगाती है, वो गजब है। उन्होंने कहा, "जब मुझे बेटी रिचा से मिलने का मौका मिला, मैं उनके हौसले और आत्मविश्वास से बहुत प्रभावित हुआ था।" उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल की हर बेटी में ऐसा ही आत्मविश्वास देखना चाहती है।
इसलिए भाजपा सरकार खेलो इंडिया और ओलंपिक पोडियम योजना चला रही है, ताकि घर और गांव के पास ही अच्छा स्टेडियम और अच्छी ट्रेनिंग सुविधा हो। उन्होंने कहा, " हम चाहते हैं कि बंगाल के बेटे-बेटियां भी खूब खेलें, खूब खिलें। इसलिए बंगाल भाजपा ने उत्तर बंगाल में में आपके लिए एक खेल विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की है।"श्री मोदी ने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि तृणमूल यहां 15 साल से इसलिए है... क्योंकि उसने भय का सम्राज्य बनाया है। अब इस भय को हटाना है और बंगाल में भरोसा लाना है। ये काम भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने कहा, " दार्जिलिंग हो, सिलीगुड़ी हो, मैं पहले भी कई बार आपके दर्शन करने आया हूं। मैं जब भी आता हूं, तो आपका भरपूर प्यार और आशीर्वाद हमेशा मुझे मिलता है। इस प्यार और उत्साह से आपने मेरा दिल जीत लिया है। अब आपको बंगाल के हर एक व्यक्ति का दिल जीतना है।"प्रधानमंत्री ने कहा, "कल मैं बंगाल के अलग-अलग क्षेत्रों में गया था, वहां जो मैंने दृश्य देखा, जो उत्साह देखा, जो उमंग, जोश, नौजवान, माताएं-बहनें और बुजुर्ग मीलों तक पैदल चलकर आए थे। ये सिद्ध करता है कि बंगाल परिवर्तन करने की ठान कर बैठा है। इस बार बंगाल से तृणमूल का जाना तय है।"उन्होंने कहा, " मैं कभी भी देशवासियों और बंगालवासियों के इस प्यार को भूल नहीं सकता। कल रोड़ शो में बहुत बड़ी संख्या में दादा-दादी की उम्र के लोग आशीर्वाद दे रहे थे। ऐसा सौभाग्य शायद ही किसी को मिलता है। मैं इसके लिए इस क्षेत्र के सभी नागरिकों को प्रणाम करता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं। आपका ये स्नेह, ये आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा और सबसे बड़ी प्रेरणा है।"उन्होंने कहा, " जब 140 करोड़ देशवासी, बंगाल का हर एक नागरिक मुझे इतना प्यार दे रहा है, इतना आशीर्वाद दे रहा है। तो मैं भी आपसे वादा करता हूं कि मैं भी आपके लिए अपने आप को हर पल खपा दूंगा। जियूंगा, तो आपके लिए जियूंगा, जूझता रहूंगा, तो आपके लिए जूझता रहूंगा। मुझे पक्का विश्वास है कि आज का ये दृश्य भी तृणमूल की नींद उड़ाने वाला है।"उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी की ये रैली तृणमूल के महाजंगलराज की दीवार गिराने वाली है, ये आपने तय कर लिया है। पूरे बंगाल में एक ही नारा गूंज रहा है। उन्होंने कहा, "तृणमूल की सरकार अपने 15 साल पूरे कर चुकी है। 15 साल में बर्बादी आपने देखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित