कोलकाता , मार्च 18 -- तृणमूल कांग्रेस के निवर्तमान विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के दमकल से पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने के तुरंत बाद अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है।

भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी श्री कबीर अपनी सख्त पुलिसिंग और संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए जाने जाते रहे हैं। पश्चिम बंगाल कैडर के 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी ने कुख्यात गैंगस्टर 'हाथकाटा दिलीप' को गिरफ्तार करने सहित कई अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर ख्याति अर्जित की थी।

श्री कबीर पश्चिम मेदनीपुर की डेबरा सीट के बजाय इस बार मुर्शिदाबाद जिले के दमकल से मैदान में उतरे हैं। मुर्शिदाबाद पहुंचने के तुरंत बाद श्री कबीर ने जिला पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा, "एक हत्या सिंडिकेट का सरगना अभी भी सक्रिय है और मुझे खत्म करने की कोशिश कर रहा है। मुझे कई धमकियां मिली हैं और मेरी जान को गंभीर खतरा है।"श्री कबीर के पास मुर्शिदाबाद में व्यापक प्रशासनिक अनुभव है, जहाँ लगभग पांच साल बिताए हैं। उन्होंने दो साल तक कंडी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) और बाद में लगभग तीन साल तक पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया।

तृणमूल नेता ने कहा कि दमकल उनके लिए जाना-पहचाना क्षेत्र है। उन्होंने कहा, "मैं यहां चल रहे सिंडिकेट, उनके नेटवर्क और स्थानीय जनसांख्यिकी से वाकिफ हूं।"निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए श्री कबीर ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर प्रयास तेज करने का भी आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित