कोलकाता , मार्च 28 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विमान खराब मौसम के कारण शुक्रवार देर रात कोलकाता के ऊपर काफी देर तक मंडराता रहा जिससे उनकी लैंडिंग में विलंब हुआ।
विमान को रात करीब 11:40 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। विमान करीब 12:25 बजे कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचा और लगभग 55 मिनट तक चक्कर लगाता रहा।
सूत्रों के अनुसार, विमान कुछ समय के लिए कृष्णानगर की दिशा में भी मुड़ा, जिसके बाद वापस लौटकर अंततः रात करीब 1:20 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर सका।
पश्चिम बंगाल में लागू आचार संहिता के कारण श्री शाह अपने सामान्य बीएसएफ विमान के बजाय एक छोटे निजी विमान से पहुंचे, जिससे तूफानी मौसम में लैंडिंग और चुनौतीपूर्ण हो गई। उनके साथ सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, वरिष्ठ नेता सामिक भट्टाचार्य और पार्टी पदाधिकारी अमित मालवीय सहित कई भाजपा नेता उन्हें लेने के लिए हवाई अड्डे पर लंबे समय तक इंतजार करते रहे।
यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब उमस भरे दिन के बाद देर रात कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर चला। शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता समेत छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित