कंपाला , अप्रैल 12 -- युगांडा के रक्षा बलों के प्रमुख जनरल मुहूज़ी काइनेरुगाबा ने एक अजीबोगरीब मांग करते हुए तुर्की से कहा है कि वह उन्हें अपने देश की सबसे खूबसूरत महिला को पत्नी बनाने के लिए दे और साथ में एक अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान करे।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब श्री काइनेरुगाबा ने ऐसी अजीब मांगें की हैं। इससे पहले 2022 में उन्होंने इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से शादी करने के लिए 100 अंकोले गायों की पेशकश की थी और धमकी दी थी कि अगर उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया गया तो वह "रोम पर कब्ज़ा कर लेंगे"। जनरल काइनेरुगाबा युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं।

उन्होंने कहा कि युगांडा के सैनिकों द्वारा प्रदान की गई स्थिरता से तुर्की ने अनुचित लाभ उठाया है। उन्होंने तुर्की को 30 दिनों का समय दिया है और धमकी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह कंपाला में तुर्की दूतावास को बंद कर देंगे और तुर्की एयरलाइंस को युगांडा के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर देंगे। श्री काइनेरुगाबा युगांडा में एक प्रमुख सैन्य हस्ती हैं, जो विदेश नीति, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और घरेलू राजनीति के बारे में अपने विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने 2022 में दावा किया था कि उनकी सेना दो हफ़्ते से भी कम समय में केन्या पर कब्ज़ा कर सकती है, जिससे उनके पिता एवं राष्ट्रपति मुसेवेनी को केन्या से औपचारिक माफ़ी माँगनी पड़ी। वहीं, 2024 में उन्होंने इज़रायल की रक्षा के लिए 100,000 युगांडा के सैनिक भेजने की पेशकश की थी और इसे "पवित्र भूमि" बताया था।

इसके अलावा उन्होंने कहा था कि वह नाइजीरियाई गायिका आयरा स्टार से शादी करना चाहते हैं, और वह युगांडा की 'फ़र्स्ट लेडी' बन सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि दुनिया के कई अन्य नेताओं ने भी ऐसी अजीब माँगें की हैं, जो कूटनीतिक सीमाओं का उल्लंघन करती हैं। तुर्कमेनिस्तान के पूर्व तानाशाह सपरमुरात नियाज़ोव ने साल के महीनों के नाम बदलकर अपने और अपनी माँ के नाम पर रख दिए थे और एक बार रेगिस्तान के बीचों-बीच एक विशाल बर्फ़ का महल बनाने की माँग की थी।

लीबिया के मुअम्मर गद्दाफ़ी अपने साथ महिला अंगरक्षकों का एक पूरा दस्ता लेकर चलते थे और अक्सर पेरिस और रोम जैसी विदेशी राजधानियों की आधिकारिक यात्राओं के दौरान एक बड़े, गर्म 'बेदूइन' तंबू में रहने की ज़िद करते थे।

इसी तरह से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार एक शिखर सम्मेलन के दौरान शिष्टाचार दिखाते हुए चीन की प्रथम महिला पेंग लियुआन के कंधों पर अपना कोट डाल दिया था। चीन में इस शिष्टाचारपूर्ण कार्य को अनुचित माना गया।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय श्री काइनेरुगाबा के पोस्ट को कभी भी गंभीरता से नहीं लेता और उन्हें "ट्विटर गेम्स" के रूप में देखा जाता है, हालाँकि वे अक्सर युगांडा सरकार के लिए कूटनीतिक शर्मिंदगी का कारण बनते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित