चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 13 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन वाहनों की टक्कर में मध्यप्रदेश निवासी पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रात करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पिकअप वाहन खराब हो गया, जिसे उसका चालक ठीक कर रहा था। उसी दौरान चित्तौड़गढ़ की ओर से आयी एक वैन उससे पीछे से जा टकरायी, वहीं वैन के पीछे आ रही थार का चालक नियंत्रण खो बैठा और वैन से थार जा टकरा गयी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में चार लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने मध्यप्रदेश के नीमच जिले के निवासी लखन मालू एवं उसकी पत्नी और पिकअप चालक मध्यप्रदेश के ही मंदसौर जिले के भून्याखेड़ी निवासी बसंती प्रजापत को मृत घोषित कर दिया, जबकि थार चालक को हल्की चोटें आयी हैं।

पुलिस ने बताया कि मृतक दम्पती चितौड़गढ में आयोजित विवाह समारोह से अपने गांव सरवानिया लौट रहे थे। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित