जगदलपुर/बीजापुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राजग की जीत के बाद बस्तर संभाग में उत्साह का माहौल देखा गया। जगदलपुर और बीजापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र और भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारी मतों से मिली सफलता यह दर्शाती है कि वहां की जनता बदलाव चाहती थी। वहीं असम और पुडुचेरी में भाजपा की वापसी को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास नीतियों पर जनता की मुहर बताया।

उन्होंने इस सफलता को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बंकिम चंद्र चटर्जी और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी बताया।

उधर बीजापुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय से लेकर भैरमगढ़ तक विजय उत्सव मनाया और कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाई बांटी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित