अदीस अबाबा , दिसंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की चार दिन की यात्रा के अंतिम पड़ाव में बुधवार को इथियोपिया से ओमान के लिए रवाना हो गए।
श्री मोदी ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान जा रहे हैं। इस दौरान दोनों नेता भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ता करेंगे जिसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
यह यात्रा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। प्रधानमंत्री ओमान में भारतीय प्रवासी समुदाय को भी संबोधित करेंगे। यह उनकी खाड़ी देश की दूसरी यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार "यह यात्रा दोनों पक्षों को व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, कृषि और संस्कृति सहित द्विपक्षीय साझेदारी की व्यापक समीक्षा करने तथा आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।"प्रधानमंत्री मोदी के मस्कट के लिए रवाना होते समय इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं उन्हें हवाई अड्डे तक छोड़ने गए ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित