भीलवाड़ा , फरवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को नाथो का खेड़ा (पांसल) गांव से 11 फरवरी की शाम लापता हुए 60 वर्षीय कैलाशनाथ का शव मेजा नहर में मिल गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले तीन दिन परिवार और पुलिस उनकी तलाश में जुटे थे। पुलिस ने बताया कि कैलाशनाथ 11 फरवरी को घर से निकले थे। परिजनों ने उसी दिन गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने बताया वह मालोला से शराब लेने गये थे और लौटते समय संभवतः नहर में गिर गये। आज सुबह बापू नगर स्थित हेमू कॉलोनी पार्क के सामने नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची शव नहर से निकाला। शव की पहचान कैलाशनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित