चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 19 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के सदर निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से तीन किलो अवैध अफीम एवं सौ ग्राम हेरोइन बरामद कर पंजाब के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल ने वण्डर पुलिया के पास राजमार्ग पर नाकाबन्दी के दौरान नीमच की तरफ से आए एक ट्रक को रूकवाने का प्रयास किया तो ट्रक चालक वाहन को भगाने लगा।

उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने उसे घेरकर रुकवा लिया और ट्रक की तलाशी ली तो उसमें प्याज के कट्टों की आड में छुपाकर रखीं गईं पांच थैलियों में तीन किलो अवैध अफीम और एक थैली में सौ ग्राम हेरोईन बरामद हुई।

श्री त्रिपाठी ने बताया कि मौके से लखबीर सिंह सिख और गुरविन्दर सिंह सिख को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पंजाब के तरनतारन जिले के हैं और लम्बे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित