श्रीनगर , दिसंबर 29 -- अवामी इत्तेहाद पार्टी के नेता एवं जेल में बंद बारामूला से सांसद अब्दुल रशीद शेख तिहाड़ जेल में एंजेल चकमा की मौत की घटना के विरोध में एकजुटता व्यक्त करने के लिए एक दिन की भूख हड़ताल करेंगे।

इंजीनियर रशीद ने अपने कानूनी टीम के माध्यम से जारी बयान में चकमा की मौत को "दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक" करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित की गुहार- "मैं भारतीय हूं, चीनी नहीं"-कथित नस्लवादी हमलावरों को रोकने में नाकाम रही।उन्होंने उत्तराखंड सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्रवाई करने में 14 दिन लग गए और पूछा कि चकमा को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली क्यों नहीं भेजा गया। बंगलादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के कई राज्यों, जिसमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड शामिल हैं, में ऐसी ही घटनाओं को महज गुंडों की हरकत बताकर हल्का किया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि केवल निंदा करना न्याय नहीं है, क्योंकि खोई हुई जानें वापस नहीं लाई जा सकतीं।

उत्तर पूर्व और जम्मू-कश्मीर के बीच समानता बताते हुए जेल में बंद सांसद ने कहा कि दोनों क्षेत्रों के लोग अपनी पहचान, संस्कृति, भूमि और आजीविका के लिए खतरे का सामना कर रहे हैं, जबकि शांतिपूर्ण छात्र आवाजों को दबाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि कश्मीरियों से देश में "विदेशी" की तरह कब तक व्यवहार किया जाता रहेगा।

श्री रशीद ने कहा कि भूख हड़ताल उनका एकमात्र उपलब्ध विरोध का तरीका है और यह उत्तर पूर्व के शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने तथा भारत के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों पर हमला करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने के लिए है।

बयान में कहा गया, "त्रिपुरा और उत्तर पूर्व के शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने और भारत के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों पर हमला करने वाले गुंडों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग के लिए 31 दिसंबर को मैं तिहाड़ जेल में एक दिन की भूख हड़ताल करूंगा।"गौरतलब है कि त्रिपुरा निवासी 21 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल और उनके भाई माइकल का गत नौ दिसंबर को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक अन्य समूह के साथ कथित तौर पर नस्लीय गाली-गलौज का विरोध करने पर तीखी बहस हो गई थी। इसी दौरान समूह में शामिल लोगों ने एंजेल को बेरहमी से चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एंजेल की लगभग दो सप्ताह बाद 26 दिसंबर को मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित