तिरुवनंतपुरम , फरवरी 08 -- तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईएएल) ने जनवरी 2026 में अब तक का सर्वाधिक मासिक यात्री यातायात दर्ज किया है। इस महीने के दौरान कुल 4,50,090 यात्रियों ने हवाई अड्डे से यात्रा की, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
अधिकारियों ने बताया कि तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि तब हासिल की, जब दैनिक यात्रियों की औसत संख्या पहली बार 15,000 पार कर गयी। यह उपलब्धि तिरुवनंतपुरम को दक्षिण भारत का एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में उभरने को दर्शाता है।
जनवरी महीने में अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात एक नयी ऊंचाई पर पहुंच गया। इसमें 2,27,275 यात्रियों ने विदेशी गंतव्यों के लिए उड़ान भरी। इसी अवधि में घरेलू यातायात भी समान रूप से मजबूत रहा, जहां 2,22,815 यात्रियों ने हवाई अड्डे का उपयोग किया।
परिचालन गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गयी। हवाई अड्डे ने जनवरी में 2,751 विमान आवागमन (एटीएम) का संचालन किया, जो विमानन कंपनियों के मजबूत परिचालन और क्षमता के बेहतर उपयोग को दर्शाता है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने कहा है कि आगामी ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम में अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने के लिए बातचीत चल रही है।
यह शानदार प्रदर्शन दिखाता है कि केरल और आस-पास के इलाकों के लिए एक बड़े गेटवे के तौर पर तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जो बेहतर आवागमन और परिचालन दक्षता की वजह से है।
हवाई अड्डा संचालक ने उल्लेख किया कि यह उपलब्धि एयरलाइंस, हवाई अड्डे के हितधारकों और अग्रिम पंक्ति की परिचालन दलों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के तहत एक विशेष प्रयोजन इकाई तिरुवनंतपुरम (केरल) इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड प्रबंधित यह हवाई अड्डा रणनीतिक रूप से देश के दक्षिणी छोर पर स्थित है, जो दक्षिणी केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों के हवाई यातायात की जरूरतों को पूरा करता है।
लगभग 237 हेक्टेयर में फैला यह हवाई अड्डा वर्तमान में प्रति वर्ष 45 लाख यात्रियों और 25,000 टन कार्गो संभालने की क्षमता रखता है।
इस नये विकास मास्टरप्लान का लक्ष्य आधुनिक टर्मिनल भवनों, उन्नत कार्गो सुविधाओं और टिकाऊ एवं हरित बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर देते हुए क्षमता को बढ़ाकर 2.7 करोड़ यात्री प्रति वर्ष करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित