ढाका , दिसंबर 27 -- बंगलादेश में बैन हो चुकी अवामी लीग ने बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) प्रमुख तारिक रहमान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि श्री रहमान को विशेष सुविधाएं देने के लिये अंतरिम सरकार 'कानून में ढील दे रही है' और उन्हें 'कानून से ऊपर' रख रही है।

पार्टी ने श्री रहमान को दी जा रही कथित विशेष सुविधा को 'विशेषाधिकारों के एक व्यवस्थित पैटर्न' का हिस्सा बताते हुए कहा कि श्री रहमान ने कई कानूनों का उल्लंघन किया है। अवामी लीग ने अपने आधिकारिक पेज पर लिखा, "निर्धारित टोल सुविधाओं पर टोल न देना, एक ऐसा अपराध जिसके लिए आम लोगों को निश्चित रूप से सज़ा मिलती है, इसे नज़रअंदाज़ कैसे किया गया? फिर और भी गंभीर मामले आते हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद नया वोटर बनना कानूनी रूप से मना है। फिर भी सवाल उठे हैं कि जब वह कार्यक्रम लागू था, तब तारिक रहमान मतदाता कैसे बन गये।"पार्टी ने यह भी कहा कि शनिवार को सरकारी छुट्टी थी, इसलिए चुनाव आयोग के दफ्तर बंद रहने चाहिये थे। उन्हें खास तौर पर श्री रहमान के लिये खुला रखा गया था। अवामी लीग ने पूछा, "यह कानून के हिसाब से कैसे सही था?"उल्लेखनीय है कि श्री रहमान दो बार की प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया और पूर्व सैन्य शासक जनरल ज़ियाउर रहमान के बेटे हैं। वह 17 साल से ज़्यादा समय तक ब्रिटेन में निर्वासन में रहने के बाद 25 दिसंबर को स्वदेश लौटे। तत्कालीन सत्ताधारी अवामी लीग सरकार द्वारा भगोड़ा घोषित किये जाने के बाद वह लंदन में रह रहे थे। मौजूदा मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया, जिसके बाद वह बंगलादेश लौट आये।

उनके लौटने के बाद से देश का राजनीतिक माहौल काफी उथल-पुथल में है क्योंकि बीएनपी उन्हें अगले प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ा रही है। अवामी लीग पर बैन के बाद बीएनपी फिलहाल देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। जमात और नेशनल सिटीज़न पार्टी जैसे अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बीएनपी के पास कहीं ज़्यादा समर्थन है।

अवामी लीग ने कई कानूनी उल्लंघनों का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे यह सवाल उठता है कि क्या श्री रहमान को वाकई एक आम नागरिक की तरह कानून के दायरे में रखा जा रहा है, या उन्हें किसी तरह की नरमी, छूट और विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित