गुरुग्राम , अप्रैल 06 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यभर में लंबित तातिमा मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाये, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी और बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गुरुग्राम में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 15 शिकायतों में से 11 का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष चार मामलों पर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सहित स्थानीय विधायक भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत प्रदान करना होना चाहिए, जिससे शासन में जनता का विश्वास मजबूत हो।

बैठक के दौरान रेजांग ला चौक और शहीद लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने इन स्थलों के समग्र विकास, हरित क्षेत्र के विस्तार और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

दौलताबाद गांव में कृषि मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर रास्ता बहाल करने के निर्देश दिये। उन्होंने भवन निर्माताओं द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटाने और ग्रामीणों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त भूमि खाली कराने को भी कहा। गुरुग्राम के सेक्टर-10 में सीवरेज समस्या पर मुख्यमंत्री ने आधुनिक और प्रभावी सीवरेज प्रणाली का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिये। साथ ही नयी व्यवस्था लागू होने तक नियमित सफाई और जल निकासी प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में ठोस कदम उठाये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित