लखनऊ , फरवरी 07 -- सरोजनी नगर क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय की कथित रूप से आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह 'बबलू' के नेतृत्व में तीन फरवरी को इस संबंध में तहरीर दी गई थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह 'बबलू', शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव 'त्यागी' तथा डॉ. शहजाद आलम के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ता पुनः हुसैनगंज थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि शीघ्र ही दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो पार्टी न्यायालय की शरण लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित