चेन्नई , फरवरी 16 -- तमिलनाडु विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा और यह द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी सत्र होगा।

गौरतलब है कि राज्य में दो महीने में चुनाव होने वाले हैं। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और अन्य पार्टियां सत्र के दौरान आम लोगों और राज्य से जुड़े ज़रूरी मुद्दे उठाने की तैयारी में हैं। राज्य के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारसु अंतिरम बजट प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसके बाद दिन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। बजट पेश होने के बाद, व्यापार सलाहकार समिति (बीएसी) सत्र का समय तय करने के लिए राज्य सचिवालय में विधानसभा अध्यक्ष एम अप्पावु के कक्ष में बैठक करेगी। इस समिति में अलग-अलग पार्टियों के सदस्य शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 4-5 दिनों तक चलेगा। इस दौरान बजट पर बहस होगी और श्री थेन्नारसु के जवाब के साथ बजट सत्र समाप्त होगा। बजट को "वोट-ऑन-अकाउंट" के तौर पर पेश किया जाएगा, जिससे नए साल के पहले कुछ महीनों के लिए सरकारी खर्चों को मंज़ूरी दी जा सकेगी।

अंतरिम बजट आम तौर पर चुनावी साल में पेश किया जाता है, जिसमें चुनावों के बाद नयी सरकार आने तक सरकार को चलाने के लिए ज़रूरी खर्चों और ज़रूरी आवंटन पर केंद्रित किया जाता है, लेकिन इस साल के अंतरिम बजट में चुनाव पास आने के कारण समाज कल्याण और लोकप्रिय योजनाएँ, बुनियादी ढाँचा और विकास कार्यों को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं। बजट पर गरमागरम बहस होने की उम्मीद थी क्योंकि मुख्य विपक्षी पार्टी अन्ना द्रमुक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत उसके सहयोगी लोगों और राज्य से जुड़े कुछ खास मुद्दे उठा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित