चेन्नई , दिसंबर 29 -- गांजा पीने के बाद नशे में धुत चार नाबालिगों ने तमिलनाडु के तिरुत्तानी में चलती ट्रेन में ओडिशा के एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिन्हें सोमवार को अपराह्न में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद चारों किशोरों बाल सुधार गृह में भेज दिया गया। चारों आरोपी पढ़ाई छोड़ चुके हैं और इन लोगों ने इस हिंसक घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान के. सूरज के रूप में हुई है, जो हाल ही में पारिवारिक विवाद के बाद चेन्नई आया था।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय पीड़ित वह चेन्नई-तिरुत्तानी मेमू ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर कर रहा था। नशे में धुत चारों नाबालिग तिरुवलंगडु में उसी कोच में चढ़ गए। रास्ते में इनमें से एक किशोर ने सूरज से हिंदी में बात करना शुरू किया, जो जल्द ही बहस में बदल गई। जब ट्रेन तिरुत्तानी स्टेशन पहुंची, तो ग्रुप ने कथित तौर पर सूरज को ट्रेन से नीचे उतार दिया और उसे सुनसान पुराने रेलवे क्वार्टर में ले गए, जहाँ उनमें से तीन ने सूरज पर चाकुओं से हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि चौथे किशोर ने हमले का वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड किया, जिसका मकसद वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करना था। हमलावरों के भाग जाने के बाद, बुरी तरह घायल सूरज किसी तरह मुख्य सड़क पर पहुंचा। राहगीरों ने उसे खून से लथपथ पाया और अधिकारियों को सूचना दी।

पीड़ित को पहले तिरुत्तानी सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए तिरुवल्लूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए फुटेज और जनता से मिली जानकारी के आधार पर, तिरुत्तानी टाउन पुलिस ने तिरुत्तानी-अरक्कोनम बाईपास रोड के पास चार युवकों का पता लगाया, जहाँ वे शराब पी रहे थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक ), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) सहित विभिन्न विपक्षी पार्टियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि यह दिखाता है कि द्रमुक सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना का एक वीडियो सामने आया है और वायरल हो गया है, जिससे व्यापक गुस्सा फैल गया है। उन्होंने कहा, "यह वीडियो देखना दिल दहला देने वाला है। यह बेहद शर्मनाक है कि जिन हाथों में स्कूल की किताबें होनी चाहिए, वे आज चाकू चला रहे हैं। " उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से आरोपी नाबालिगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और तमिलनाडु में कानून व्यवस्था बहाल करने और बढ़ते ड्रग्स के खतरे को रोकने के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित