चेन्नई , फरवरी 23 -- तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद कुल मतदाताओं की संख्या 5.67 करोड़ हो गई है।
तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सुश्री अर्चना पटनायक ने सोमवार को राज्य सचिवालय में एक मीडिया बैठक में अंतिम मतदाता सूची जारी करते हुए कहा कि अंतिम मतदाता सूची के अनुसार पूरे राज्य में 5,67,07,380 मतदाता हैं। इसमें 2,77,38,925 पुरुष, 2,89,60,838 महिलाएं और 7,617 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं।
मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के हिस्से के रूप में तमिलनाडु में मतदाता सूची से 97 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।
संशोधन प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के 30 जनवरी के उस निर्देश का भी पालन किया गया, जो उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार जारी किया गया था। इस निर्देश में यह अनिवार्य किया गया था कि 'तार्किक विसंगतियों' की श्रेणी में हटाए गए नामों को हटाने के कारणों के साथ सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए।
ये सूचियाँ ग्राम पंचायत कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, तालुकों, उप-मंडल कार्यालयों और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में प्रदर्शित की गईं। प्रभावित व्यक्तियों को आपत्ति दर्ज करने या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया था। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारियों (कलेक्टरों) ने अपने-अपने जिलों में अंतिम मतदाता सूची जारी की।
इस बीच, विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण के दौरान नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग आठ प्रतिशत मतदाताओं को हटाया गया।
पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में, कुछ दिन पहले प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, कुल मतदाताओं की संख्या 9,44,211 है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित