नयी दिल्ली/चेन्नई , मार्च 20 -- तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा है कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शनिवार से शुरू होगी और चार दिनों के भीतर इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
चेन्नई रवाना होने से पूर्व दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में श्री पलानीस्वामी ने कहा कि एनडीए सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कोई मतभेद नहीं है। बातचीत पूरी होने के बाद सभी दलों के लिए सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद चुनावी अभियान तेज किया जाएगा। श्री पलानीस्वामी की श्री शाह से कल रात मुलाकात हुई थी।
ऐसी खबरें हैं कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) 234 सदस्यीय विधानसभा में करीब 165-170 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 40-45 सीटों पर दावा कर सकती है। शेष सीटें अन्य सहयोगी दलों को दी जाएंगी।
श्री पलानीस्वामी ने अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कषगम को एनडीए में शामिल करने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि अन्नाद्रमुक का चुनावी घोषणापत्र एक सप्ताह के भीतर जारी किया जाएगा और पार्टी को जीत की पूरी उम्मीद है।
इस बीच, एनडीए के अन्य सहयोगी जैसे श्री अंबुमणि रामदास और श्री टी टी वी दिनाकरन भी सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा है कि सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है और अंतिम निर्णय बातचीत के जरिए लिया जाएगा।
एनडीए में भाजपा, पीएमके, एएमएमके के अलावा तमिल मनीला कांग्रेस और अन्य छोटे दल भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित