चेन्नई , अप्रैल 06 -- तमिलनाडु में चुनावी सरगर्मी तेज होने के साथ ही 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गयी। अब तक 4,000 से अधिक उम्मीदवार अपने पर्चे दाखिल कर चुके हैं।

दोपहर तीन बजे नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या आज शाम या रात तक पता चल जायेगी।

चुनाव आयोग के अनुसार, अंतिम दिन 1,000 से अधिक उम्मीदवारों ने अपने कागजात दाखिल किए, जिससे कुल संख्या 4,350 तक पहुंच गयी है। अधिकारी सभी सीटों से विवरण जुटा रहे हैं, जिसके बाद अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

अंंतिम दिन नामांकन करने वाले प्रमुख नेताओं में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ए के पलानीस्वामी, जल संसाधन मंत्री और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के महासचिव दुरईमुरुगन, मंत्री आर गांधी, देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) की महासचिव प्रेमलता, पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) के अध्यक्ष अंबुमणि की पत्नी सौम्या अंबुमणि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता ओ पनीरसेल्वम शामिल हैं, जो चुनाव से पहले द्रमुक में शामिल हो गये हैं। इनके अलावा राज्य की 234 निर्वाचन क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कई अन्य लोगों ने भी पर्चे भरे।

श्री पलानीस्वामी ने अपने पैतृक सलेम जिले के मजबूत गढ़ एडप्पादी निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया, जहां से उन्होंने 1989 से आठ बार चुनाव लड़ा और पांच बार निर्वाचित हुए। वह अब अपनी चौथी लगातार जीत की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं, श्री दुरईमुरुगन ने वेल्लोर जिले की अपनी पैतृक काटपाडी सीट से लगातार 13वीं बार पर्चा भरा, जहां से वह 10 बार विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं।

दिवंगत अभिनेता-राजनेता विजयकांत की पत्नी और डीएमडीके संस्थापक प्रेमलता ने कुड्डालोर जिले की वृद्धाचलम सीट से नामांकन दाखिल किया। सौम्या अंबुमणि ने धर्मपुरी सीट से अपना नामांकन भरा, जबकिश्री मुरुगन अविनाशी (आरक्षित) सीट से मैदान में उतरे हैं।

तमिलनाडु के हथकरघा और वस्त्र मंत्री आर गांधी ने अंतिम समय में रानीपेट निर्वाचन क्षेत्र से अपना पर्चा दाखिल किया। द्रमुक ने शुरुआत में उन्हें टिकट नहीं दिया था और उनके स्थान पर उनके पुत्र विनोद गांधीको नामित किया था। सोमवार सुबह एक अचानक बदलाव में श्री विनोद ने अपने पिता के लिए रास्ता बनाने के वास्ते दौड़ से हटने का फैसला किया।

अन्नाद्रमुक, द्रमुक और उनके सहयोगी दलों के अलावा, अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवारों ने भी समय सीमा समाप्त होने से पहले अपने नामांकन दाखिल किये।

नामांकन की प्रक्रिया 30 मार्च को शुरू हुई थी, लेकिन सरकारी छुट्टियों के कारण उम्मीदवारों के पास केवल चार दिनों का समय था। नामांकनों की जांच कल की जाएगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है।अभिनेता-निर्देशक सीमन की पार्टी नाम तमिलर काची (एनटीके) के उम्मीदवारों ने पहले ही दिन सभी 234 सीटों पर अपने पर्चे दाखिल कर दिये थे।

मैदान में उतरे अन्य प्रमुख चेहरों में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन (कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र), टीवीके संस्थापक विजय और एनटीके संस्थापक सीमन शामिल हैं। इन तीनों मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों ने 30 मार्च को ही अपने नामांकन दाखिल कर प्रचार शुरू कर दिया था। श्री विजय अपनी पहली चुनावी पारी में दो सीटों उत्तर चेन्नई की पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि श्री सीमन ने शिवगंगा जिले की कराईकुडी सीट से पर्चा भरा है।

श्री स्टालिन के पुत्र और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने आज चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट से अपना नामांकन दाखिल किया, जहां से वह दूसरी बार जीत की उम्मीद कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित