चेन्नई , अप्रैल 13 -- तमिलनाडु के दक्षिणी विरुधुनगर जिले के सत्तूर के पास छत्रपत्ती गांव में सोमवार दोपहर एक निजी पटाखा निर्माण फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि जिस समय आग लगी और विस्फोट हुआ उस समय यूनिट में 30-40 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से अधिकांश मजदूर पास के शेड में काम कर रहे थे और वे बाल-बाल बच गए।
पुलिस, अग्निशमन और बचाव विभाग के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मलबे से एक झुलसा हुआ शव बरामद किया।
तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया और उसकी पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित