चेन्नई , मार्च 03 -- तमिलनाडु में दक्षिणी तिरुनेलवेली जिले के नांगुनेरी के पेरुमपथु गांव में नशे में धुत हथियारबंद गिरोह के हंगामे और राहगीरों पर किये गये हमलाें में एक प्रवासी मजदूर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गये। घायलों को सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी और विपक्षी पार्टियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
यह घटना कल रात नांगुनेरी पुलिस स्टेशन सीमा के तहत नांगुनेरी-एरवाडी सड़क पर हुई जब मोटरसाइकिल सवार गैंग ने चाकू और हंसिया से बिना उकसावे के लोगों पर हमला किया, जिससे लोग भागने पर मजबूर हो गये।
बदमाशों ने कुछ दिन पहले एक चाय की दुकान पर पेट्रोल बम भी फेंका था और पुलिस अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
घटना के बाद तनाव बढ़ने पर सार्वजनिक परिवहन सेवा रोक दी गईं और किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात कर दिया गया। पेरुमपथु गांव के लोगों ने सड़क रोको आंदोलन किया और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए नंगुनेरी-एरवाडी रोड पर गाड़ियों को रोक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित