चेन्नई , फरवरी 28 -- तमिलनाडु का पहला डार्क स्काई पार्क शनिवार को नामक्कल जिले की कोल्ली हिल्स स्थित अरियुर शोला आरक्षित वन में लॉन्च किया गया।
यह पहल राज्य में खगोल पर्यटन (एस्ट्रो-टूरिज्म) और वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
वन मंत्री आर. एस. राजकन्नप्पन ने इस अनूठी परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुप्रिया साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, डार्क स्काई पार्क ऐसा संरक्षित क्षेत्र होता है जहां कृत्रिम प्रकाश प्रदूषण न्यूनतम रखा जाता है, जिससे चंद्रमा, तारे, ग्रह और अन्य खगोलीय घटनाओं का स्पष्ट अवलोकन संभव हो पाता है। घने वन क्षेत्र, ऊंचाई और शहरी रोशनी के कम हस्तक्षेप के कारण कोल्ली हिल्स प्राकृतिक अंधकार के लिए आदर्श स्थान है, जो इसे रात्रिकालीन आकाश संरक्षण और खगोलीय अध्ययन के लिए उपयुक्त बनाता है।
इस परियोजना की घोषणा 25 जून 2024 को राज्य विधानसभा में की गई थी। पारिस्थितिक उपयुक्तता और आकाश दृश्यता की विस्तृत समीक्षा के बाद इसे अरियूर शोला रिजर्व फॉरेस्ट में स्थापित किया गया। करीब 44 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस डार्क स्काई पार्क में संरचित अवलोकन सत्रों के लिए उन्नत दूरबीनें लगाई गई हैं। साथ ही, स्थल पर संचालन के लिए सौर ऊर्जा पैनलों की व्यवस्था की गई है।
यह केंद्र दिन के समय भी संचालित होगा, जहां विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच खगोल विज्ञान के प्रति वैज्ञानिक समझ और जागरूकता बढ़ाई जाएगी। वन विभाग द्वारा परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और भविष्य में आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। बिना रात्रि प्रवास के विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। महत्वपूर्ण खगोलीय घटनाओं, विशेषकर अमावस्या के आसपास, महीने में दो से तीन बार पूरी रात के तारामंडल अवलोकन शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बेहतर दृश्यता सुनिश्चित की जा सके।
इस पहल का उद्देश्य तमिलनाडु को जिम्मेदार खगोल-पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि पर्यटन विकास पारिस्थितिक संतुलन के अनुरूप हो। संरक्षण, शिक्षा और नियंत्रित पर्यटक पहुंच के समन्वय से यह मॉडल पर्यावरणीय जिम्मेदारी और स्थानीय आजीविका अवसरों को भी सुदृढ़ करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित