नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान और गुजरात के अपने दौरे के तुरंत बाद एक मार्च को तमिलनाडु और पुडुचेरी की यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से अधिक और मुदरै में 4400 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री मोदी शनिवार रात गुजरात से सीधे चेन्नई पहुंचेंगे।
श्री मोदी रविवार को पौने बारह बजे पुडुचेरी में 2,700 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण तथा शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद वह मदुरै जाएंगे जहां अपराह्न तीन बजे वह 4,400 करोड़ रुपये से अधिक लागत की अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण और शिलान्यास करेंगे। वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर, तिरुप्परंकुंड्रम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।
प्रधानमंत्री पुडुचेरी में अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, शहरी सेवाओं के विस्तार, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण तथा शिलान्यास करेंगे। इनमें पीएम ई-बस सेवा पहल के अंतर्गत ई-बसों का शुभारंभ, स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सिटी इन्वेस्टमेंट्स टू इनोवेट, इंटीग्रेट एंड सस्टेन पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवास, तथा पुडुचेरी सरकार की सीवरेज और जल आपूर्ति क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कराईकल के कॉम्पोजिट इंजीनियरिंग ब्लॉक-डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ब्लॉक और गंगा छात्रावास, जिपमर के क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के आधुनिकीकरण, तथा पांडिचेरी विश्वविद्यालय के नए एनेक्सी भवन, व्याख्यान कक्ष और छात्रावासों का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री 750 एकड़ के करासुर-सेदारापेट औद्योगिक एस्टेट को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसमें फार्मा पार्क, टेक्सटाइल पार्क, आईटी पार्क, आईआईटी मद्रास का अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र तथा जिपमर की उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित होंगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
श्री मोदी पुडुचेरी क्षेत्र के निवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल आपूर्ति परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। साथ ही वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत 41 ग्रामीण सड़कों के निर्माण, पुडुचेरी में हेरिटेज टाउन के विकास, मिश्ती (मैंग्रोव इनिशिएटिव फॉर शोरलाइन हैबिटैट्स एंड टैन्जिबल इनकम्स) योजना के अंतर्गत मैंग्रोव पुनर्स्थापन, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता क्षेत्र की परियोजनाओं तथा रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत विद्युत क्षेत्र की परियोजनाओं सहित अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री 'स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट' (एसएएससीआई) योजना के अंतर्गत शहरी सड़कों, ड्रेनेज नेटवर्क, सार्वजनिक भवनों, छात्रावासों और खेल सुविधाओं से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। सरकार ने एसएएससीआई योजना में पुडुचेरी को भी शामिल करने की स्वीकृति दी है, जो प्रारंभ में केवल राज्यों तक सीमित थी। इससे जन उपयोग के लिए अवसंरचना और सामान्य सुविधाओं के विकास के लिए पूंजीगत परिसंपत्तियों के निर्माण कार्य किए जा सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित